नाभिकीय ईंधन सम्मिश्र, हैदराबाद परमाणु ऊर्जा विभाग, भारत सरकार की एक औद्योगिक इकाई है । एनएफसी भारत का एकमात्र संस्थान है जो नाभिकीय ऊर्जा रिएक्टरों की ईंधन आवश्यकताओं को पूरा करता है ।
भारत सरकार के नाभिकीय ऊर्जा कार्यक्रम को ईंधन देने के अधिदेश के साथ, नाभिकीय ईंधन सम्मिश्र, हैदराबाद की कल्पना 60 के दशक के अंत में परमाणु ऊर्जा विभाग की एक महत्वपूर्ण औद्योगिक शाखा के रूप में की गई थी । एक आईएसओ प्रमाणित संगठन, एनएफसी आज विश्व की एकमात्र संस्था है जिसके पास अयस्क से कोर तक एक व्यापक विनिर्माण चक्र है, जिसमें एक ही छत के नीचे यूरेनियम और ज़र्कोनियम दोनों धाराओं का प्रक्रमण होता है ।
एनएफसी को दाबित भारी पानी रिएक्टरों (पीएचडब्ल्यूआर), क्वथन जल रिएक्टरों (बीडब्ल्यूआर) और द्रुत प्रजनक रिएक्टरों के लिए परमाणु ईंधन बंडलों; कई रिएक्टर कोर घटकों; विभिन्न ट्यूबों; उच्च शुद्धता विशेष सामग्री; आदि के निर्माण में विशेषज्ञता हासिल है ।
इसने नाभिकीय ईंधन उत्पादन और संविरचन के क्षेत्र में कई नवाचारों के साथ अत्याधुनिक सुविधाएं और प्रक्रिया प्रौद्योगिकियां विकसित की है । इस प्रकार यह संस्थान राष्ट्र निर्माण में उत्प्रेरक की भूमिका निभा रहा है । यह संकुल भारतीय नाभिकीय ऊर्जा कार्यक्रम में आत्मनिर्भरता पर प्रबल ज़ोर देने का भी प्रतीक है ।
एनएफसी के पास विभिन्न प्रकार की उत्पादन सुविधाएं हैं जिनमें शामिल है ज़रकॉन को नाभिकीय ग्रेड ज़र्कोनियम ऑक्साइड में प्रक्रमण के लिए ज़र्कोनियम ऑक्साइड संयंत्र; ज़र्कोनियम ऑक्साइड को नाभिकीय ग्रेड स्पॉन्ज धातु में परिवर्तित करने के लिए ज़र्कोनियम स्पॉन्ज संयंत्र; ज़र्कोनियम मिश्रधातु के उत्पादन के लिए मेल्ट शॉप संयंत्र; विभिन्न मिश्रधातुओं और विशेष सामग्रियों के विभिन्न आकारों और आमापों में तप्त उत्सारण एवं विस्तार (हॉट एक्सट्रूज़न और एक्सपेंशन) के लिए उत्सारण व वेधन संयंत्र (एक्सट्रूज़न एंड पियर्सिंग प्लांट); विभिन्न ज़र्कोनियम मिश्रधातु ट्यूबों, शीट, छड़ और तार उत्पादों का उत्पादन करने के लिए ज़र्केलॉय संविरचन संयंत्र (ज़र्केलॉय फैब्रिकेशन प्लांट) ; अपरिष्कृत यूरेनियम सांद्रों का शुद्ध यूरेनियम डाइ-ऑक्साइड पाउडर में प्रक्रमण करने के लिए यूरेनियम ऑक्साइड संयंत्र; पीएचडब्ल्यूआर के लिए यूरेनियम ऑक्साइड गुटिकाओं के उत्पादन और ईंधन बंडलों के संयोजन के लिए सिरेमिक ईंधन संविरचन संयंत्र (सिरेमिक फ्यूल फैब्रिकेशन प्लांट) ; बीडब्ल्यूआर ईंधन संविरचन संयंत्र (बीडबल्यूआर फ्यूल फैब्रिकेशन प्लांट); द्रुत प्रजनक रिएक्टरों के अवयवों और उप-असेम्बलियों के निर्माण के लिए द्रुत प्रजनक सुविधा संयंत्र (फास्ट रिएक्टर फैसिलिटी प्लांट); कई उच्च शुद्धता वाले पदार्थों का उत्पादन करने के लिए विशेष पदार्थ संयंत्र (स्पेशल मटेरियल्स प्लांट); स्टेनलेस स्टील और अन्य मिश्रधातुओं की जोडरहित ट्यूबों का उत्पादन करने के लिए स्टेनलेस स्टील ट्यूब संयंत्र ।
उपभोक्ताओं की अपेक्षाओं के अनुपालन को सुनिश्चित करने के लिए एक स्वतंत्र गुणवत्ता आश्वासन विभाग कई मध्यवर्ती चरणों और अंतिम चरण में गुणवत्ता सुनिश्चित करता है ।
सभी उत्पादन गतिविधियों में सहयोग देने के लिए टूल रूम, सिविल अभियांत्रिकी विभाग, उपयोगी-सेवाएं (यूटिलिटीज़), अनुरक्षण, सामान्य सेवा, कंप्यूटर प्रभाग, टेलीफोन अनुभाग, वर्क शॉप, प्रशासन और लेखा, क्रय, भंडार, विपणन, मानव संसाधन विकास, आदि जैसे कई सेवा अनुभाग स्थापित किए गए हैं ।
सुरक्षा और पर्यावरण संरक्षण को विशेष महत्व देने के लिए नाईंस में एक विशेष अनुभाग भी है ।
जबकि प्रारंभिक संयंत्र क्षमताओं को भारतीय नाभिकीय ऊर्जा कार्यक्रम की '70 के दशक की शुरुआत में अनुमानित आवश्यकताओं के अनुसार डिज़ाइन किया गया था, तथापि क्षमताओं में कई बदलाव और उन्नयन हुए हैं । एनएफसी में निरंतर सुधार और क्षमता विस्तार नियमित प्रक्रिया है ।
वर्ष 2009 में पलयाकायल, तमिलनाडु में ज़र्कोनियम कॉम्प्लेक्स की स्थापना से ज़र्कोनियम स्पॉन्ज के उत्पादन में महत्वपूर्ण वृद्धि हुई ।
एनएफसी, बढ़ती मांग को पूरा करने के लिए कोटा, राजस्थान में ईंधन उत्पादन सुविधा स्थापित कर रहा है ।
विभिन्न सुविधाएं और गतिविधियां जैसे कैंटीन, शिशु पालनाघर, हाउसिंग कॉलोनी, चिकित्सा सुविधाएं, स्कूल, खेल और सांस्कृतिक प्रतियोगिताएं आदि प्रदान कर कर्मचारियों के कल्याण का अच्छी तरह से ध्यान रखा जाता है ।