अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मान्य प्रबंधन प्रणालियों को अपनाने में एनएफसी के प्रयास पहली बार वर्ष 2000 में आईएसओ 9002: 1994 (गुणवत्ता प्रबंधन प्रणाली) प्रमाणित होने के साथ शुरू हुए । एनएफसी ने सुदृढ़ गुणवत्ता, पर्यावरण और व्यावसायिक स्वास्थ्य एवं सुरक्षा प्रबंधन प्रणालियों को विकसित और कार्यान्वित किया है और वर्तमान में आईएसओ 9001:2015, आईएसओ 14001:2015 और ओएचएसएएस 18001:2007 से प्रमाणित है। मानक की आवश्यकता के अनुसार, छमाही आवधिक आंतरिक और बाहरी ऑडिट किए जाते हैं। आंतरिक ऑडिट एनएफसी के प्रशिक्षित और योग्यता प्राप्त ऑडिटरों द्वारा किए जाते हैं। बाहरी ऑडिट प्रमाणकर्ता संस्था द्वारा किया जाता है।
हम सतत रुप से पर्यावरण के अनुकूल एवं उत्तरदायित्व पूर्ण प्रचालन सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध हैं । एनएफसी का हरित परिवेश इसका प्रमाण है। अधिकांश संयंत्रों में अत्याधुनिक विनिर्माण सुविधा के साथ निरंतर सुधार और उपभोक्ता संतुष्टि हमारे प्राथमिक आधार स्तंभ हैं । हमारे पास सभी कर्मचारियों को उपचारात्मक, भावनात्मक स्वास्थ्य और आपातकालीन सेवाएं देने के लिए एक व्यावसायिक स्वास्थ्य केंद्र है।
एनएफसी के सभी संयंत्रों/अनुभागों ने गुणवत्ता, पर्यावरण और व्यावसायिक स्वास्थ्य एवं सुरक्षा प्रणालियों से संबंधित "स्मार्ट" उद्देश्यों को स्पष्ट रूप से परिभाषित किया है। इन सभी की नियमित मॉनीटरिंग की जाती है, विभिन्न समूह समीक्षा समितियों और प्रबंधन समीक्षा समितियों में चर्चा की जाती है और उद्देश्यों को हासिल किया जाता है।
एनएफसी ने अपनी मुख्य गतिविधियों की चुनौतियों का सामना करने के लिए "जोखिम आधारित" चिंतन दृष्टिकोण अपनाया है। सभी प्रणालियों, प्रक्रियाओं और कार्यों में जोखिमों की पहचान की जाती है, उन पर विचार किया जाता है और उन्हें नियंत्रित किया जाता है।
प्रबंधन प्रणालियों के कार्यान्वयन का लाभ उच्च गुणवत्ता वाले उत्पादों एवं सेवाओं, बेहतर पर्यावरण प्रभाव प्रबंधन और सभी कर्मचारियों को कार्य संबंधित चोट व अस्वस्थ्यता की रोकथाम में मिला है।