नाभिकीय ईंधन सम्मिश्र (नाईंस), भारत के नाभिकीय ईंधन कार्यक्रम को निरंतर ईंधन प्रदान करते हुए आगे बढ़ा रहा है। आगामी दाबित भारी पानी रिएक्टरों की ईंधन आवश्यकताओं को पूरा करने के लिए, नाईंस एक नई सुविधा "नाभिकीय ईंधन सम्मिश्र - कोटा” की स्थापना कर रहा है।
नाईंस-कोटा एक हरित क्षेत्र परियोजना है जो भारी पानी संयंत्र, रावतभाटा (भापासं.-कोटा), के ठीक बगल में स्थापित की जा रही है। यह परियोजना नाईंस - हैदराबाद के विस्तार के रूप में नाईंस-हैदराबाद में अपनाई जाने वाली प्रौद्योगिक प्रक्रियाओं के आधार पर स्थापित की गई है।
विभिन्न एजेंसियों जैसे-पर्यावरण एवं वन मंत्रालय, मंत्री परिषद, परमाणु ऊर्जा नियामक बोर्ड की बैठक में सहमति, राजस्थान राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड, वन्य जीव प्राधिकरण (NBWL) से अनापत्ति प्रमाणपत्र प्राप्त करने के बाद नाईंस-कोटा हेतु चयन निर्माण स्थल का चुनौतीपूर्ण चयन कार्य शुरू हुआ । इसके बाद परमाणु ऊर्जा नियामक बोर्ड (AERB) की सहमति से संयंत्र तथा गैर-संयंत्र भवनों का निर्माण कार्य शुरू हुआ ।
इस परियोजना की प्रमुख सुविधाओं में गलनशाला, निर्माण एवं बहिर्वेधन शाला, पिल्गरशाला, नलिका परिष्करण, शोधन एवं ताप उपचार सुविधाएं, युरेनियम चूर्ण गुटिकाकरण एवं असेंबली संयंत्र, टूल-रूम, अनुरक्षण कार्यशाला आदि शामिल हैं। नाईंस-कोटा की आधुनिकतम सुविधाएं स्वचालित प्रणालियाँ, स्वचालित निर्देशित वाहन, स्वचालित भंडारण तथा पुर्ननिर्माण व्यवस्थाएं आदि नाभिकीय ईंधन पुर्ननिर्माण उत्पादन को बढ़ावा देंगी। गुणवत्ता आश्वासन अनुभाग विभिन्न मध्यवर्ती चरणों के दौरान तथा अंतिम उत्पाद चरण के गुणवत्ता आश्वासन को सुनिश्चित करता है । नाईंस की पर्यावरण संरक्षण के प्रति प्रतिबद्धता नाईंस के प्रयासों में प्रतिबिंबित हेती है। निर्माण से लेकर उत्पादन तक के प्रत्येक चरण में नाईंस पर्यावरण अनुकूल संगठन के रूप में कार्य कर रहा है। आम जनता तथा कर्मचारियों हेतु एक स्वस्थ वातावरण सुनिश्चित करने के लिए सभी प्रणालियाँ उपर्युक्त स्थल पर स्थापित की गई हैं।
अब तक, संयंत्र तथा गैर-संयंत्र भवनों का अधिकांश सिविल कार्य पूरा हो चुका है तथा उपकरणों के स्थापन व कमीशन का कार्य तेजी से चल रहा है। विभिन्न उपकरणों जैसे इलेक्ट्रिकल पैकेज, हाइड्रोलिक प्रेसेज, इलेक्ट्रॉन बीम वेल्डिंग इकाईयां, फोर्ज प्रेस, पुर्ननिर्माण प्रेस, पिल्गर मिल्स, निर्वात अनीलन भट्ठियाँ, पराश्रव्य नलिका परीक्षण मशीन, 5-एक्सिस डाई ग्राइंडिंग मशीन, 4-एक्सिस सीएनसी मिलिंग मशीन, सीएनसी केंद्ररहित ग्राइंडिंग मशीन, पाउडर प्लांट पैकेज, रोल प्रेस, उच्च ताप सिंटरण भट्ठियाँ, केंद्ररहित ग्रांइंडिंग मशीन इंड कैप वेल्डिंग मशीनें, स्पेशल पर्पज डबल हेड टर्निंग मशीन आदि के शीत कमीशनन का कार्य या तो पूरा कर लिया गया है या प्रगत चरण में हैं।
नियामक अनुमति प्राप्त होने के बाद दिनांक 25.04.2023 को ईंधन बंडल असेंबली का संतोषजनक डिमॉन्स्ट्रेशन किया गया। कुछ असेंबली शॉप मशीनरियों के कार्य निष्पादन की जाँच करने के लिए प्रदर्शन किया गया है। अध्यक्ष एवं सचिव, परमाणु ऊर्जा नियामक बोर्ड (AERB), पऊवि की उपस्थिति में, नाईंस के मुख्य कार्यपालक एवं अध्यक्ष द्वारा औपचारिक रूप से नाईंस-कोटा का पहला ईंधन बंडल, अध्यक्ष, सीएमडी, एनपीसीआईएल को सौंपा गया।
प्रत्येक स्तर पर कार्यरत कर्मचारियों के लिए सौहार्दपूर्ण वातावरण प्रदान करने की प्रतिबद्धता के साथ एनएफसी, नाभिकीय ईंधन के निर्माण के क्षेत्र में विश्व पटल पर भारत की गहरी पदछाप अंकित कर रहा हैं। कर्मचारियों व उनके परिवार के हितों को ध्यान में रखते हुए नाईंस-कोटा टाउनशिप योजना 24 घंटे सुरक्षा, डिस्पेंसरी, विद्यालय, खेल के मैदान, सामुदायिक भवन, शॉपिंग कॉम्प्लेक्स, सभागार आदि जैसी सुविधाओं के साथ तैयार की गई है। नाईंस-कोटा के टाउनशिप परिसर में “चंबल विहार” नामक अतिथिगृह भी है। इसका उद्घाटन किया गया है और फरवरी-2023 से यह उपयोग में है। आवासीय टावरों का निर्माण कार्य का पहला चरण शुरू हो चुका है।